फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ क्षेत्र में एक गर्भवती महिला की प्रसव के उपरांत हो गई। परिजनों ने उसे प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। हालांकि बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है। मृतका की एक साल पहले शादी हुई थी।
शहर के उर्दू नगर निवासी 25 वर्षीय निशा की शादी एक साल पहले थाना रामगढ़ क्षेत्र के कोहिनूर रोड निवासी फिरोज के साथ हुई थी। परिजनों का कहना है कि निशा गर्भवती थी। परिजनों ने उसे प्रसव के लिए रविवार को अस्पताल में भर्ती कराया था। सब कुछ ठीक था, रात को डाक्टरों ने उसका आपरेशन किया।
आपरेशन के बाद महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया। परिजनों के मुताबिक बच्चे को जन्म देने के बाद अचानक निशा की तबियत बिगड़ गई। डाक्टरों ने उन्हें दवा दी, लेकिन इसके बाद भी उनकी मौत हो गई। घटना को लेकर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि यह मृतका का पहला बच्चा था। एक साल पहले ही उसकी शादी हुई थी।
थाना रामगढ़ इंस्पेक्टर संजीव दुबे का कहना है कि हमारे पास किसी ने कोई सूचना नहीं दी है। यदि कोई सूचना प्राप्त होती है, तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।