फिरोजाबाद। युवक ने प्रेम में असफल होने पर अपने दादा की लाइसेंसी बंदूक से स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। युवक गांव की ही एक लड़की से प्रेम करता था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
सीओ प्रवीन तिवारी ने बताया कि रविवार रात को मूल रूप से कपावली थाना नारखी निवासी 24 वर्षीय युवक विकास पुत्र मुकेश जो एक सप्ताह से अपने ताऊ प्रमोद पुत्र वीरपाल निवासी इंद्रा कॉलोनी थाना रामगढ़ के यहां पर रह रहा था। उसने एकांत देखकर अपने दादा वीरपाल की लाइसेंसी डबल बैरल रायफल से स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों ने उसकी प्रेमिका के परिजनों पर आरोप लगाया था।
सीओ ने बताया कि युवक गांव की ही एक लड़की से प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था। लेकिन युवती के घरवालों ने शादी से इंकार कर दिया था। 15 दिन पहले वह युवती को लेकर घर से चला गया था। एक सप्ताह पहले ही लौटकर आया था। उसके बाद युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया था। युवक के परिजनों ने उसे ताऊ के घर भेज दिया था। प्रेम में असफल होने पर उसने स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बंदूक को भी बरामद कर लिया है।

