फिरोजाबाद। राशन डीलर द्वारा उपभोक्ताओं को अंगूठा लगवाने के बाद भी राशन न देने की शिकायत डीएम से करते हुए हंगामा किया है। उपभोक्ताओं का कहना है कि विगत छह महीने से वह राशन के लिए परेशान हो रहे हैं।
ग्राम पंचायत मौढ़ा कनैटा निवासी उपभोक्ताओं का कहना है कि विगत छह माह से उन्हें राशन डीलर लोकेश द्वारा राशन नहीं दिया जा रहा है। हर बार अंगूठा लगवाकर पर्ची निकाल देता है, लेकिन राशन नहीं देता। उन्हें धमकी देकर भगा देता है। पर्ची निकालने के बाद उसे फाड़कर फेंक देते हैं। विमला देवी का कहना है कि चार महीने से पर्ची रखी है लेकिन राशन नहीं दिया। गीता देवी का कहना है कि राशन लेने जाओ तो डीलर धमकाते हैं। पर्ची देते हैं बाद में उसे फाड़ देते हैं। पूरी साल से हमें राशन नहीं मिल रहा है।
अभिषेक कुमार का कहना है कि डीलर के विरोध में सभी ग्रामीण पंचायत घर पर एकजुट हुए हैं। उसकी मनमानी के विरोध में वह प्रदर्शन कर रहे हैं। सालिगराम यादव का कहना है कि राशन डीलर वहले अंगूठा लगवाता है। उसके बाद पर्ची देकर एक दिन बाद आने की कहता है। एक दिन बाद जाओ तो फिर राशन नहीं देता।
गांव के ममता, मीना, शशी कुमारी, रामवती, अशोक कुमार, रूबी, कप्तान सिंह, संजो देवी, कन्हैया, शिवचरन, हुलासीराम, मुन्नी देवी, अनार देवी, अतिश्री, आशा देवी, प्रेमा देवी, गुड्डी देवी, सीमा देवी, लक्ष्मी देवी, बेबी देवी, विजयलक्ष्मी आदि ने विरोध जताया है। एआरओ मनोज गहलौत का कहना है कि हमारे पास शिकायत आई है। उसके आधार पर जांच अधिकारी नियुक्त कर जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी।