फिरोजाबाद। सुहागनगरी में हो रहे अतिक्रमण पर महाबली गरजा। लोगों के द्वारा किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त करा दिया गया। नगर निगम और प्रशासन द्वारा चलाए गए इस अभियान से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने जेसीबी ने अतिक्रमण को हटवा दिया। कुछ लोगों के द्वारा अवैध रूप से पक्का निर्माण कर अतिक्रमण कर लिया गया था।
बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट और नगर निगम प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। जिसमें बुल्डोजर लेकर निकले अधिकारियों और कर्मचारियों ने दुकानदारों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए कुछ मोहलत दी। कुछ लोगों ने हटवा लिया। जिन लोगों ने नहीं हटवाया।
उसे बुल्डोजर ने ध्वस्त कर दिया। नाला निर्माण पर हो रहे पक्के निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। जिसमें कई लोगों ने सीढ़ियां बना रखी थीं। कुछ लोगों ने पक्का निर्माण कर लिया था। जाटवपुरी से लेकर रामगढ़ तक चलाए गए इस अभियान से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा रहा। लोगों ने मिन्नतें भी कीं, लेकिन प्रशासन ने उनकी एक नहीं सुनी।
अधिकारियों का कहना था कि अतिक्रमण होने के चलते रास्ता सकरा हो गया है। हर समय जाम के हालात बने रहते हैं। लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। इसलिए यह अभियान चलाया गया है। अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।