फिरोजाबाद। मोदीनगर के हिमायूंपुर में रविवार को एक दुखद घटना सामने आई है। रानी देवी नामक महिला की सांप के काटने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, रानी देवी डलिया से प्याज निकाल रही थी, तभी सांप ने उन्हें काट लिया।
घटना के बाद परिवार के सदस्य शिवा ने बताया कि सांप के काटने के बाद उन्होंने महिला के हाथ को रस्सी से कसकर बांध दिया था। इसके बाद रानी देवी पैदल चलकर अस्पताल पहुंची थी। परिजनों का आरोप है कि जैसे ही डॉक्टरों ने उसका बंधा हुआ हाथ खोला, जहर पूरे शरीर में फैल गया और महिला की मौत हो गई।
मृतका रानी देवी दो बच्चों की मां थी। उनके पति किशन लाल का निधन पहले ही हो चुका था। थाना दक्षिण क्षेत्र के हिमायूंपुर मोदीनगर में हुई इस घटना के बाद परिवार ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। स्थानीय प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।
इंस्पेक्टर थाना दक्षिण योगेंद्र पाल सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।