फिरोजाबाद। गर्मी की तपिश में जब राहगीर की प्यास बुझती है, तो वहीं से असली जनसेवा की शुरुआत होती है। सेवा पथ जनकल्याण समिति ने इसी सोच को साकार करते हुए स्वर्गाश्रम, रामनगर में एक ठंडे पानी की मशीन स्थापित की है।
इस शीतल जल कूल पॉइंट का लोकार्पण एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद द्वारा फीता काटकर किया गया। लोकार्पण के बाद उन्होंने स्वयं इस ठंडे जल को ग्रहण कर समिति की इस सेवा भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और अन्य संस्थाओं को भी प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की निदेशक सामाजिक कार्यकर्ता कल्पना राजौरिया ने कहा, “हमारा प्रयास है कि समाज के हर वर्ग के लिए सुविधाएं उपलब्ध हों। गर्मी के इस मौसम में स्वर्गाश्रम जैसे सार्वजनिक स्थल पर ठंडे पानी की मशीन लगाकर हमने यह संदेश देने की कोशिश की है कि सेवा ही सच्चा धर्म है।
इस अवसर पर आलिंद अग्रवाल, संस्था की प्रदेश सचिव सीमा गुप्ता, सुनील भटनागर, योगेन्द्र प्रकाश जैन, प्रियंका गुप्ता और अंकुर दुबे उपस्थित रहे।