फिरोजाबाद। आईवी इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा प्रयांशी राजपूत ने जिले का नाम रोशन किया है। कक्षा 11 की इस प्रतिभाशाली खिलाड़ी का चयन सीबीएसई अंडर-17 राष्ट्रीय महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। इस उपलब्धि से विद्यालय और पूरे जिले में हर्ष का माहौल है।
प्रधानाचार्य डॉ. नंदिनी यादव ने बताया कि प्रयांशी पिछले पांच वर्षों से क्रिकेट का अभ्यास कर रही हैं और एक कुशल गेंदबाज के रूप में पहचान बना चुकी हैं। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए सीबीएसई ने उन्हें राष्ट्रीय टीम में स्थान दिया। विद्यालय की ओर से उन्हें राष्ट्रीय टीम की यूनिफॉर्म भी भेंट की गई। कोच पावन शर्मा ने बताया कि प्रयांशी का चयन पहले सीबीएसई नॉर्थ जोन टीम में हुआ था। इसके बाद भोपाल में आयोजित नेशनल टूर्नामेंट में नॉर्थ जोन टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।
जहां देशभर की 12 टीमों ने भाग लिया था। इसी प्रदर्शन के आधार पर प्रयांशी को राष्ट्रीय टीम में जगह मिली। सीबीएसई ने उन्हें नेशनल टीम की यूनिफॉर्म और प्रमाण-पत्र प्रदान किया है। भविष्य में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा बनकर देश का नाम रोशन करेंगी। विद्यालय परिवार ने प्रयांशी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

