फिरोजाबाद। थाना नगला सिंघी क्षेत्र में ट्रैक्टर की टक्कर से मोपेड सवार युवक की मौत हो गई। वह बिक्री के लिए फिरोजाबाद से कास्मेटिक का सामान खरीदकर ला रहा था। मृतक चार बच्चों का पिता था।
गांव जटई निवासी 30 वर्षीय महाराज सिंह उर्फ छिंगा फेरी लगाकर गांव में कास्मेटिका का सामान बेचता था। सोमवार को वह सामान खरीदने के लिए फिरोजाबाद मोपेड से गया था। सामान खरीदने के बाद वह शाम को वापस अपने गांव लौट रहा था। तभी टीकरी पुलिया के समीप पहुंचते ही एक ट्रैक्टर चालक ने उसकी मोपेड में टक्कर मार दी, जिसमें वह नीचे दब गया।
चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। मौके पर जुटी भीड़ ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मृतक तीन बेटी और एक बेटे का पिता था। जबकि तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। घटना के बाद पत्नी पत्ती देवी और बच्चों सहित स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष रमित कुमार आर्य का कहना है कि ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मृत्यु हुई है। ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक की जानकारी की जा रही है।