फिरोजाबाद। वार्ड नंबर 56 उर्दू नगर में नाली और सड़क न बनने से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। जलभराव होने से जन जीवन अस्त व्यस्त है। कई बार शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। शनिवार को मुहल्ले की महिलाएं व पुरुष नगर निगम पहुंचे। जहां उन्होंने हंगामा करते हुए समस्या का समाधान कराए जाने की मांग की है।
नगर निगम की समस्याएं समाप्त होने का नाम नहीं ले रही हैं। पहले वार्ड नंबर 47, उसके बाद वार्ड नंबर 57 और अब वार्ड नंबर 56 के लोग सड़कों पर आ गए। वार्ड की महिलाएं एकजुट होकर नगर निगम पहुंच गईं। नगम पहुंची महिलाओं ने विरोध जताते हुए कहा कि जरा सी बारिश होने पर उनका पूरा मुहल्ला ताल तलैया हो जाता है। गंदे पानी की निकासी के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा अभी तक न तो नाली बनवाई गई है और न सड़क ही।
बारिश का पानी घरों में घुस जाता है। जहां से बच्चों और लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। नगर निगम में शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई है। गंदे पानी के बीच रहना मुश्किल हो रहा है। लोगों का जीवन नारकीय हो गया है। भले ही नगर निगम स्मार्ट सिटी होने का दावा करती हो लेकिन धरातल पर कुछ भी देखने को नहीं मिल रहा है। शहर के अधिकांश वार्डो में यही हालत है।
वह निगम में अधिकारियों से मुलाकात कर समस्या बताने के लिए आए हैं। उन्होंने अपने वार्ड की समस्या के निदान के लिए शिकायती पत्र भी सौंपा है। यदि इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आगामी दिनों में धरना प्रदर्शन और उग्र आंदोलन किया जाएगा।
अपर नगर आयुक्त निहाल सिंह का कहना है कि समस्या का समाधान कराया जाएगा। अभी बारिश होने की वजह से निर्माण कार्य नहीं हो पा रहे हैं।