फिरोजाबाद। सुहागनगरी में नगर निगम की पार्षदों के द्वारा ही छीछालेतर की जा रही है। विकास कार्य न होने से नाराज पार्षद लगातार विरोध कर रहे हैं। पहले लखनऊ में मुंडन कराने पहुंचे पार्षदों को पुलिस पकड़कर ले आई थी। अब महिला पार्षद ने विकास कार्य न कराए जाने से नाराज कटोरा हाथ में लेकर भींख मांगी। यही नहीं जब नगर आयुक्त से मिलने पहुंची तो उनका कटोरा ही चोरी हो गया। पार्षद का कहना है कि कटोरा चोरी होने के बाद वह झोली में लोगों से भींख मांगकर वार्ड का विकास कार्य कराएंगी।
नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर छह से ऊषा शंखवार वर्तमान में बीजेपी पार्षद हैं। उनके वार्ड में विकास कार्य न होने पर उन्होंने अन्य पार्षदों के साथ लखनऊ में मुंडन कराने की चेतावनी दी थी। उसके बाद आठ पार्षद लखनऊ रवाना हो गए थे। इसकी जानकारी होने पर पीछे पहुंची पुलिस सभी पार्षदों को पकड़कर वापस फिरोजाबाद ले आई थी। शनिवार को महिला पार्षद ने अनोखे तरीके से विरोध जताया।
पार्षद हाथ में कटोरा लेकर अपने वार्ड में निकली। उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से भींख मांगी। इसकी जानकारी होने पर नगर आयुक्त रिषी राज ने महिला पार्षद को नगर निगम में बुलाया। जहां महिला पार्षद अपना कटोरा बाहर रखकर नगर आयुक्त से वार्ता कर रहीं थी। जहां नगर आयुक्त ने उन्हें दो दिन के अंदर विकास कार्य कराए जाने का आश्वासन दिया। जब वह वापस लौटकर आईं तो उनका कटोरा ही चोरी हो गया।
इस पर पार्षद का कहना है कि कटोरा चोरी हो गया तो क्या। वह अपने वार्ड का विकास कराने के लिए अपनी झोली में भींख मांगेंगी। नगर आयुक्त इससे पहले भी कई बार आश्वासन दे चुके हैं, लेकिन उनके वार्ड में कोई कार्य नहीं कराया गया। उनके वार्ड में नाली, खरंजा और पानी की समस्या है।
उन्होंने बताया कि दो दिन में विकास कार्य प्रारंभ न होने पर वह दोबारा भींख मांगेंगी और आगे चलकर अपना मुंडन भी कराएंगी। नगर आयुक्त का कहना है कि जिन वार्डो में समस्याएं हैं। वहां विकास कार्य कराए जाएंगे।

