-14 को आमंत्रण यात्रा, 15 को भूमि पूजन, सम्मेलन में 20 हजार लोग जुटेंगे
फिरोजाबाद। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में पूरे देश भर में विराट हिंदू सम्मेलनों का आयोजन हो रहा है। इसी श्रृंखला में वीर हनुमान हिंदू सम्मेलन समिति माधव नगर द्वारा 17 फरवरी को एक विराट हिंदू सम्मेलन दोपहर दो बजे रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महानगर प्रचारक शेखर जी ने बताया कि बस्ती स्तर पर भी सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। 17 फरवरी को रामलीला मैदान में विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित होगा। जिसमें 15 से 20 हजार सनातन प्रेमी रहेंगे। इसी दिन मातृ शक्ति द्वारा दो अलग-अलग कलश यात्राएं निकाली जाएंगी, जो कि रामलीला मैदान पर सम्पन्न होंगी। पहली कलश यात्रा नगर के गोपालाश्रम से प्रारंभ होकर, कोटला चुंगी होते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेगी। वहीं दूसरी कलश यात्रा नगर के राधाकृष्ण मंदिर से प्रारंभ होकर गंज मोहल्ला, बड़ा डाकखान चौराहा, मटका बाली बिल्डिंग होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगी। कार्यक्रम के लिए अब तक 5500 से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं।
सम्मेलन से पहले 14 फरवरी को सुबह 9 बजे एक आमंत्रण यात्रा निकाली जाएगी। मातृ शक्ति, युवा शक्ति, सज्जन शक्ति और संत शक्ति सुबह 8ः30 बजे तक कैला देवी मंदिर प्रांगण में एकत्रित होंगे। यह यात्रा कैला देवी मंदिर से शुरू होकर राजेंद्र विश्राम गृह, दुली मोहल्ला चौराहा, छोटी मंडी, राधाकृष्ण मंदिर, सदर बाजार, सिनेमा चौराहा, बर्फखाना चौराहा और मटका वाली बिल्डिंग होते हुए वापस कैला देवी मंदिर पहुंचेगी। इसका उद्देश्य सकल हिंदू समाज को सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित करना है। 15 फरवरी को रामलीला मैदान में भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
हिंदू सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय कथा वाचिका देवी हेमलता शास्त्री, जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर नवलगिरि महाराज और प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र जी का मार्गदर्शन मिलेगा। कवि सुदीप भोला भी मंच साझा करेंगे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, कथा वाचन, भजन मंडली और ओजस्वी वक्तव्य शामिल होंगे। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से शाम 4ः30 बजे तक चलेगा, जिसके बाद प्रसादी की व्यवस्था की जाएगी। पत्रकार वार्ता में समिति सचिव संदीप जी, महानगर संघचालक प्रदीप जी, महानगर प्रचार प्रमुख ललित मोहन सक्सैना, कोषाध्यक्ष सुनील जी और नितिन राजौरिया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

