फिरोजाबाद: यादव महासभा ने यादव जी की लवस्टोरी फिल्म का किया विरोध

-मुख्यमंत्री से फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग 

फिरोजाबाद: यादव महासभा ने यादव जी की लवस्टोरी फिल्म का किया विरोध

फिरोजाबाद। सोशल मीडिया पर चर्चित फिल्म यादव जी की लवस्टोरी को लेकर विवाद गहरा गया है। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के जिलाध्यक्ष राहुल यादव के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक ज्ञापन भेजा गया है।

ज्ञापन में बताया गया है कि यादव जी की लवस्टोरी नामक फिल्म का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें एक लड़की को यादव समाज (हिंदू धर्म) से और लड़के को मुस्लिम धर्म से दिखाया गया है। संगठन का आरोप है कि ऐसी प्रस्तुति से एक विशेष समाज की भावनाएं आहत हो सकती हैं और प्रदेश के शांत वातावरण पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

महासभा ने ज्ञापन में कहा है कि प्रदेश में उच्च न्यायालय के आदेश के तहत जाति आधारित सम्मेलनों और रैलियों पर रोक है। इसके बावजूद जाति और धर्म आधारित विषयों पर फिल्म निर्माण को लेकर आपत्ति जताई गई है। संगठन ने मांग की है कि ऐसी किसी भी फिल्म के निर्माण या प्रदर्शन की अनुमति न दी जाए, जिससे किसी भी जाति या धर्म विशेष की भावनाएं आहत हों। ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने वालों में जिलाध्यक्ष राहुल यादव के साथ प्रदीप कुमार, बृजेश और मकसूद यादव सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हैं।