फिरोजाबाद। नगर में सावन मास के तृतीय सोमवार राजाधिराज बाबा महाकाल की शाही पालकी बैंड-बाजों के साथ निकाली गई। पालकी यात्रा में प्रसिद्ध भजन गायक मनोज शर्मा, गौरव पांडा बाबा भोलेनाथ के भजन गाते हुए चल रहे थे। बाबा की छटा निहारने जनसैलाब उमड़ पड़ा। पालकी यात्रा मार्ग बाबा के जयकारों से गूंज रहा था। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर आरती उतारी गई। डमरू यात्रा जहां रूकती थी। वहीं भक्तों की भीड़ लग जाती थी।
बाबा महाकाल पालकी यात्रा समिति के तत्वाधान में सोमवार को पालकी यात्रा का शुभारंभ सदर बाजार स्थित राधा कृष्ण मंदिर से हुआ। मुख्य अतिथियों ने बाबा महाकाल की आरती उतारकर पालकी यात्रा को आगे बढाया। यात्रा छोटा चैराहा, घंटाघर, सदर बाजार, गंज तिराहा से सिनेमा चैराहा, जलेसर रोड, बर्फखाना चैराहा, शिवाजी रोड होकर डाकखाना चैराहा से प्राचीन सिद्धेश्वरनाथ नाथ महादेव मंदिर पहुंची।
यात्रा में भजन गायक मनोज शर्मा (कजरारे-कजरारे तेरे मोटे-मोटे नैन), गौरव पांडा (अल्कि न पालकी जय बोलो महाकाल की) भी अपने भजनों से रिझाते हुए चल रहे थे। वाराणसी से आई बाबा महाकाल की झांकी एवं प्रयागराज की बाबा की पालकी को भव्यता बना रही थी। विकराल मसानी मां, तांड़व अघोरी, महाकाली, रौद्र महाकाल के दर्शन के साथ ही डमरू यात्रा के अलावा कई मनमोहक झांकिया अपनी अलग छटा विखेर रही थी। पालकी यात्रा को तोरण द्वारों, रंग विरंगी झालरों से सजाया गया था।
इस अवसर पर नगर विधायक मनीष असीजा, महापौर कामिनी राठौर, महानगर अध्यक्ष डा. सतीश दिवाकर, शिक्षाविद डा. मयंक भटनागर, राजेश झा, गोपाल वर्मा, गोपाल गुप्ता, अनमोल अग्रवाल, निखिल शर्मा, नीरज यादव, निशांत वर्मा, मयंक जैन, विजय राठौर आदि मौजूद रहे।