शिकोहाबाद: बस अनियंत्रित होकर पलटी, मासूम की मौत 

-भगदड़ में मां की गोद से छूट गया था बेटा

शिकोहाबाद: बस अनियंत्रित होकर पलटी, मासूम की मौत 

शिकोहाबाद। आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर दिल्ली से गोरखपुर जा रही बस बुधवार रात लगभग दो बजे के थाना क्षेत्र नसीरपुर के अंतगर्त माइल स्टोन 54.55 पर अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें बस में सवार लगभग 45 यात्रियों में चीख पुकार मच गई। इसी दौरान एक तीन माह के बच्चे को लेकर बैठी महिला की गोद से बच्चा बस में गिर पड़ा, जिसे बस में सवार लोगों ने रौंद दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मासूम को संयुक्त चिकित्सालय भेजा। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

कश्मीरी गेट दिल्ली से गोरखपुर को जा रही एक प्राइवेट डबल डेकर बस रात दो बजे के करीब नसीरपुर थाना क्षेत्र अंतगर्त चालक को नींद आने से बस अनियंत्रित होकर माइल स्टोन 54.55 पर पलट गई। जिसे श्यामनाथ योगी पुत्र निवासी शिव बिहार कालोनी मीना बाबा सिरसी रोड जयपुर चला रहा था। हादसे के बाद बस में सवार सो रहे यात्रियों में चीख पुकार मच गई और सभी लोगों में बस से बाहर निकलने के लिए अफरा तफरी मच गई। इसी बस में बच्चे के साथ भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या जा रहे एक दंपत्ति भी सवार थे। जैसे ही बस पलटी और चीखपुकार मची।

तीन माह के मासूम को लेकर सो रही महिला बविता यादव पत्नी कृष्णा यादव निवासी निवासी सियोहरा थाना ऊरूबा जिला गोरखपुर भी सवार थी। हादसे के बाद वह भी हड़बड़ा गई और खड़े होते समय उसका बेटा शुभ अचानक उसकी गोदी से उछल कर गिर पड़ा। जिससे बस से बाहर निकल रहे लोगों के पैरों के नीचे आ गया। हादसे के बाद उसकी हालत को देखते हुए परिजन उसको लेकर संयुक्त चिकित्सालय एंबुलेंस से आए। इमरजेंसी में तैनात स्टाफ ने परीक्षण के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद दंपत्ति का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दंपत्ति ने बताया कि शुभ उनका इकलौता पुत्र था और वह भगवान श्रीराम के दर्शन कराने अयोध्या ले जा रहे थे।

-हादसे में यह हुए घायल
कृष्णा यादव (28) पुत्र रामाबद्ध यादव, बबीता यादव (27), अनीता यादव (45) पत्नी इन्द्रजीत यादव निवासी बरगदवाह थाना पैकुलिया जिला बस्ती, अरूण कुमार (22) पुत्र पिंटू निवासी गोरखपुर, संजय मौर्या (48) पुत्र कैलाश मौर्या निवासी सौराहा जनपद गोरखपुर कंचन गुप्ता (30) पत्नी गिरीश गुप्ता निवासी कस्बा व थाना बहरौट कोटपुतली राजस्थान,अजय प्रकाश (53) पुत्र सत्रुधन व सुरुति दुबे (17) पुत्री जयप्रकाश दुबे निवासी होलवी कुंड थाना नरेला राज्य दिल्ली, अमरनाथ (45) पुत्र हरीशचन्द्र निवासी गांधीधाम थाना गुरहाली दिल्ली व रामजग (60) निवासी मोहल्ला व थाना कोटला राज्य दिल्ली शामिल हैं। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गंतव्य के लिए रवाना कर दिया।