शिकोहाबाद। भारतीय वैश्य महासभा की नवीन कार्यकारिणी का अधिष्ठापन एवं शपथ ग्रहण समारोह रविवार को अग्रवाल धर्मशाला मुहल्ला गढैया में आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश के विकास में व्यापारियों की अहम भूमिका है।
सर्वप्रथम मुख्य अतिथि आगरा विधायक एवं अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद व्यापारियों ने मंचासीन अतिथियों को माल्यापर्ण एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किये।
मुख्य अतिथि आगरा के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि राष्ट्र के विकास में व्यापारियों की अहम भूमिका है। उनको किसी भी प्रकार से नजंरंदाज नहीं किया जाना चाहिए। राष्ट्रीय सचिव राजीव अग्रवाल ने कहा कि व्यापारी देश एवं प्रदेश के विकास में अपनी अहम भूमिका निभा रहा है। लेकिन व्यापारियों की समस्याओं को अधिकारी लंबित रखते हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को अधिकारी प्राथमिकता पर लेकंर उनका निस्तारण करें।
कार्यक्रम मंचासीन मुख्य अतिथि आगरा उत्तर के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, राष्ट्रीय अध्यक्ष रवी अग्रवाल, सचिव राजीव अग्रवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र खंडेलवाल, पश्चमी प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार खंडेलवाल, नगर अध्यक्ष गगन कपूर, अतुल अग्रवाल और अमित अग्रवाल आदि रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष रानी गुप्ता एवं संचालन पूजा कपूर और अमनदीप मित्तल ने की।इस अवसर पर आगरा महानगर उपाध्यक्ष विनोद कुमार मित्तल, अमृत गर्ग, सक्षम गर्ग, तरुण अग्रवाल, संजीव गर्ग, शिवम अग्रवाल, सहित बड़ी संख्या में सभा के महिला और पुरुष सदस्य और पदाधिकारी उपस्थित रहे।