शिकोहाबाद: खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार डिबाइडर से टकराई

-हादसे में मां-बेटे की मृत्यु, चार अन्य घायलों का उपचार जारी

-नसीरपुर थाना क्षेत्र अंतगर्त माइल स्टोन 51 पर हुआ हादसा

शिकोहाबाद। खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार सोमवार सुबह नसीरपुर थाना क्षेत्र अंतगर्त माइल स्टोन 51 पर अनियंत्रित होकर डिबाइडर से टकराकर पलट गई। जिससे कार चालक और उसकी मां की मृत्यु हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायल उन्नाव के रहने वाले हैं।  

आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर सोमवार सुबह छह बजे नसीरपुर थाना क्षेत्र अंतगर्त श्रद्धालुओं से भरी कार अनियंत्रित होकर डिबाइडर से टकरा कर पलट गई। जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं कार में सवार छह लोगों में से दो की मृत्यु हो गई। जबकि चार घायल हैं। जिनका उपचार चल रहा है। कार को 35 वर्षीय शिवम शुक्ला (40) पुत्र अशोक शुक्ला निवासी सकूराबाद फतेहपुर चैरासी उन्नाव चला रहा था।

कार में उसकी मां सरलेश (65) पत्नी अशोक, सोनी (35) पत्नी शिवम, शोभित शुक्ला (28) पुत्र विपिन कुमार, मोनी (22) पुत्री राजकुमार और एक अज्ञात महिला थीं। जिसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। यह सभी लोग उन्नाव से खाटू श्याम दर्शन को गये थे। लौटते समय चालक शिवम को झपकी आ गई और तेज रफ्तार कार डिबाइडर से टकराकर पलट गई। सभी लोग घायल हो गये।

हादसे में शिवम और उसकी मां सरलेश की हालत ज्यादा खराब थी। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज भेज दिया। जहां उपचार के दौरान शिवम और सरलेश की मृत्यु हो गई। हादसे के बाद शिवम के परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी होने के बाद शिवम के स्वजन और रिश्तेदार उन्नाव से फिरोजाबाद के लिए रवाना हो गये। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह सोलंकी का कहना है कि एक कार अनियंत्रित होकर डिबाइडर से टकरा गई है। जिसमें उपचार के दौरान दो लोगों की मृत्यु हो गई है। जबकि छह लोग घायल हैं।