शिकोहाबाद: निदेशक ने किया मंडी समिति का निरीक्षण, मिली खामियां

-मक्का खरीद केंद्र पर अनुपस्थित मिले प्रभारी के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश

शिकोहाबाद। नोडल अधिकारी ने मंगलवार दोपहर मंडी समिति का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी समिति में स्थित सरकारी मक्का खरीद केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र प्रभारी ना मिलने और केंद्र पर मक्का फसल की खरीद ना होने पर नाराजगी जाहिर की और उनके विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश दिये।

आयुक्त निदेशक मंडी समिति इंद्र विक्रम सिंह आईएएस को फिरोजाबाद जिले का नोडल अधिकारी व प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने मंगलवार को सिरसागंज मंडी समिति और शिकोहाबाद मंडी समिति का निरीक्षण किया। शिकोहाबाद में दोपहर 12 बजे के करीब पहुंचे। यहां उन्होंने सरकारी मक्का खरीद केंद्र का निरीक्षण किया। मौके पर उन्हें केंद्र प्रभारी ब्रजेश गंगवार नहीं मिले।

इसके साथ ही मौके पर मिले किसानों ने उन्हें बताया कि प्रभारी मक्का की खरीद नहीं कर रहे हैं। किसानों की मक्का मंडी में खुले में पड़ी है। मजबूरन होकर वह आढ़तियों को सरकारी दर से लगभग 500 रुपये प्रति कुंतल के घाटे से बेंच रहे हैं। उस पर भी आढ़तियां तीन किलो का कद्दा काटते हैं। जिससे उन्हें काफी आर्थिक नुकसान हो रहा है। इस पर नोडल अधिकारी ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल की खरीद ना करना गंभीर समस्या है। इसके साथ ही उन्होंने मंडी में किसानों के लिए व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

उन्होंने कहा कि मंडी में मक्का की आवक ज्यादा है। नमी होने के कारण मक्का काली पड़ रही है। जिसकी बजह से भी खरीद नहीं हो पा रही है। निरीक्षण के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए सचिव ने कहा कि मंडी की अन्य व्यवस्थाएं सभी सही पाई गई हैं। केंद्र प्रभारी के अनुपस्थित मिलने पर उनके विरुद्ध कार्यवाही की जायेगी।

इस अवसर पर उनके साथ उप निदेशक प्रशासन विपणन संभाग आगरा अनिल कुमार, मंडी सचिव सिरसागंज विमल कुमार, मंडी सचिव शिकोहाबाद सर्वेश कुमार, प्रभारी मंडी सचिव अभिषेक कुमार फिरोजाबाद के अलावा संतोष कुमार, दास विकास, जैनेंद्र कर्दम, नवदीप, जितेंद्र चैधरी, अवनीश कुमार आदि मंडी समिति के कर्मचारी मौजूद रहे।