फिरोजाबाद: नवागत नगर आयुक्त ने संभाला पदभार, पटलों का किया निरीक्षण

फिरोजाबाद: नवागत नगर आयुक्त ने संभाला पदभार, पटलों का किया निरीक्षण

फिरोजाबाद। नवागत नगर आयुक्त ने मंगलवार को पदभार ग्रहण करने के बाद निगम के पटलों एवं विभागों का निरीक्षण करते हुए कर्मचारियों जनहित के कार्यो में प्राथमिकता के आधार पर कार्य करने के निर्देश दिए। 

मुख्य विकास अधिकारी मऊ के पद से स्थानांतरित होकर आए आईएएस प्रशांत नागर ने मंगलवार सुबह 11 बजे करीब नगर निगम कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। उन्होंने निर्माण, प्रकाश, कर विभाग में पटलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई पटलों पर गंदगी दिखी। जिस पर उन्होंने संबंधित विभागाध्यक्षों से कार्यालयों में सफाई व्यवस्था का खास ख्याल रखने की हिदायत दी।

पूछे सवाल के जवाब में नवागत नगर आयुक्त ने कहा कि शहर में जाम की समस्या के निदान को पुख्ता कार्ययोजना बनाई जाएगी। अन्य सवाल पर उन्होंने कहा कि जन सरोकार वाले कार्यों जन्म-मृत्यु पंजीयन, कर निर्धारण व भुगतान व पेयजल संबंधी शिकायतों के त्वरित निदान पर उनका फोकस रहेगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के बारे में अफसरों से फीड लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नगर आयुक्त प्रशांत नागर ने महापौर कामिनी राठौर से भी शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान अपर आयुक्त अजय कुमार, सहायक नगर आयुक्त निहाल चंद, रविंद्र कुमार के अलावा एक्सईएन निर्माण आशीष शुक्ला व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।