फिरोजाबाद। उद्योग व्यापार मंडल द्वारा व्यापारियों की विद्युत बिल संबंधी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित 19 सूत्रीय एक ज्ञापन अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग को सौंपा है।
महानगर अध्यक्ष अम्बेश शर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों ने सौंपे ज्ञापन में कहा है कि विभिन्न स्थानों पर स्मार्ट प्रीपेड मीटर स्थापित किए जा रहे हैं। प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जाने से पूर्व विभाग में जमा की गई सिक्योरिटी राशि उपभोक्ताओं को वापस कराई जाए। फिक्स चार्ज, मिनिमम चार्ज, इलेक्ट्रिसिटी ड्यूटी आदि समाप्त कर विद्युत यूनिट के आधार पर ही बिल की गणना की जाए। प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद विद्युत का उपयोग नहीं होता है, तो ऐसी स्थिति में मिनिमम चार्ज व फिक्स चार्ज पूर्णतः समाप्त किया जाएं।
मीटर लगाने से पूर्व मीटर की जाँच लीगल मेट्रोलॉजी विभाग द्वारा कराई जाएं। मीटर का मैनुअल एवं गारंटी कार्ड उपभोक्ता को उपलब्ध कराया जाए। अघोषित बिजली कटौती को पूर्णतः प्रतिबंधित किया जाए। विद्युत आपूर्ति, बिल सुधार से संबंधित शिकायत दर्ज करते समय शिकायत पर्ची बनाकर एक प्रति उपलब्ध कराई जाए। सोलर उपभोक्ताओं के बिलों को सही कर, खपत से अधिक उत्पन्न ऊर्जा का भुगतान किया जाएं। ज्ञापन देने वालों में परशुराम गुप्ता, दुष्यंत यादव, रमाशंकर दादा, नरेश पंजाबी, सुशील जाट, स्वतंत्र गुप्ता, अनिल गुप्ता अमीना, सुभाष यादव, रामगोपाल बजाज, दिलीप दीक्षित, राकेश शर्मा, संजय शर्मा, विकास लहरी, अजीत लहरी आदि मौजूद रहे।

