शिकोहाबाद। थाना शिकोहाबाद पुलिस टीम एवं अपराध शाखा की संयुक्त कार्यवाही में धोखाधड़ी करने वाले दंपत्ति को उसके आवास हरदयाल एनक्लेव मुहल्ला शंभूनगर से शनिवार सुबह गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा है।
इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने बताया कि इस मामले में आरोपित दंपत्ति ने वर्ष 2019 में पूर्व मंत्री पर झूठी दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसमें कुछ समय बाद पुलिस ने एफआर लगा दी। इस मामले में दंपत्ति ने पूर्व मंत्री से 50 लाख रुपये की रकम वसूली और फिर न्यायालय में शपथ पत्र देकर मामला वापस ले लिया था। जिसके बाद पूर्व मंत्री ने साक्ष्यों के साथ आरोपित दंपत्ति पर ब्लैकमेल कर 50 लाख रुपये ठगने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसमें उक्त दंपत्ति फरार चल रहा था। शनिवार को शिकोहाबाद पुलिस टीम एवं अपराध शाखा ने संयुक्त कार्यवाही में आरोपित दंपत्ति को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पकड़े गये आरोपी का नाम पिंकी पत्नी राय सिंह और रायसिंह उर्फ विशाल उर्फ कोठारी निवासी भूड़ गड्डा थाना एका हाल निवासी हरदयाल एनक्लेव शंभूनगर बताया है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि आवेदक द्वारा थाना शिकोहाबाद पर पिन्की पत्नी रायसिंह एवं रायसिंह उर्फ विशाल उर्फ कोठारी पुत्र जोर सिंह निवासीगण भूड गड्डा थाना एका हाल निवासी हरदयाल एनक्लेव शम्भू नगर शिकोहाबाद द्वारा षणयंत्र के तहत ब्लैकमेल व गुमराह कर धोखाधडी से 50 लाख रूपये ऐंठ लिए थे। जिस संबंध में वर्ष 2022 में धारा 388,417,420 और 120बी में प्राथमिकी दर्ज की थी। जिसकी विवेचना अपराध शाखा फिरोजाबाद से उनि गुरूप्रसाद द्वारा सम्पादित की जा रही थी । दंपत्ति को गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार अपराध शाखा, प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार थाना शिकोहाबाद, उनि गुरुप्रसाद, मउनि काजल, भरत देशवार, जितेन्द्र कुमार, सचिन कुमार आदि मौजूद रहे।

