फिरोजाबाद। शहर में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर सुबह से ही लोगों की लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं। ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा सही तरीके से काम न करने के कारण बड़ी संख्या में लोग सीधे गैस एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं, जिससे भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है।
शहर के कई इलाकों से लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। लंबी लाइन के कारण उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कई लोगों ने बताया कि ऑनलाइन नंबर नहीं लगने के कारण उन्हें मजबूरी में लाइन में लगकर सिलेंडर लेना पड़ रहा है। गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि शहर में गैस की कोई कमी नहीं है। अंबेश गैस के मालिक अरविंद ने बताया कि ऑनलाइन नंबर नहीं लग पाने के कारण उपभोक्ताओं को दिक्कत हो रही है, जबकि गैस की सप्लाई सामान्य है।
इसी तरह मारुति गैस सर्विस के मालिक प्रकाश निधि गर्ग का कहना है कि गैस की कोई समस्या नहीं है और उपभोक्ताओं को 24 घंटे के अंदर गैस उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम में दिक्कत के कारण लोग सीधे एजेंसी पर पहुंच रहे हैं, जिससे लाइनें लंबी हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द ऑनलाइन बुकिंग की समस्या का समाधान कराया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और एजेंसियों पर लग रही लंबी लाइनों से राहत मिल सके।

