फिरोजाबाद: ग्लास निर्यातकों और उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने समस्याओं पर की चर्चा

-गैस की कटौती से उत्पादन हुआ प्रभावित

फिरोजाबाद: ग्लास निर्यातकों और उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने समस्याओं पर की चर्चा

फिरोजाबाद। फिरोजाबाद ग्लास मैनुफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्ट्स एसोसिएशन की बैठक ग्लास श्रमिक संस्थान में हुई। जिसमें शहर के प्रमुख ग्लास निर्यातकों और उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया। वर्तमान में उद्योग के सामने आ रही समस्याओं पर चर्चा की।

एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश बंसल टोनी ने कहा कि इस समय फिरोजाबाद का ग्लास उद्योग कई गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। जिसमें आरएलएनजी और एपीएम गैस की आपूर्ति में लगभग 50 प्रतिशत तक कटौती कर दी गई है। जिसके कारण कारखानों का उत्पादन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। गैस की कमी के कारण कई यूनिट्स को अपनी उत्पादन क्षमता कम करनी पड़ रही है, जिससे समय पर ऑर्डर पूरे करना निर्यातकों के लिए कठिन हो गया है। इसके अलावा कच्चे माल और काँच की कीमतों में भी भारी बढ़ोतरी हो गई है।

पिछले कुछ समय में काँच की कीमतें लगभग दोगुनी तक बढ़ गई हैं। काँच की बढ़ी हुई कीमतों और उत्पादन लागत में वृद्धि के कारण निर्यातकों पर भारी आर्थिक दबाव पड़ रहा है। ऐसे हालात में पुराने रेट पर लिए गए ऑर्डर्स को पूरा करना निर्यातकों के लिए बेहद कठिन होता जा रहा है। कई मामलों में उन्हें नुकसान उठाने की स्थिति बन रही है। इस वजह से निर्यातक इस समय काफी चिंतित और परेशान हैं कि मौजूदा परिस्थितियों में ऑर्डर्स को किस प्रकार पूरा किया जाए।

बैठक में गगन सचदेवा, विनीत जैन, राजीव दीक्षित, राजेंद्र गुप्ता, सर्वर हुसैन, मोहित जैन ने संयुक्त रूप् से कहा कि यदि गैस आपूर्ति और लागत से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो इसका असर न केवल निर्यात पर बल्कि हजारों लोगों के रोजगार पर भी पड़ सकता है।