फिरोजाबाद: विकास प्राधिकरण का अवैध झोपड़ी पर चला बुलडोजर

-40 साल से रह रहे परिवार ने की पुनर्वास की मांग

फिरोजाबाद: विकास प्राधिकरण का अवैध झोपड़ी पर चला बुलडोजर

फिरोजाबाद। शहर के सुहाग नगर सेक्टर नंबर-3 क्षेत्र में सोमवार को विकास प्राधिकरण आगरा की टीम ने कथित अवैध रूप से बनी झोपड़ी पर बुलडोजर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान टीम से पीड़ित परिवार के बीच तीखी नोकझोंक हुई। पीड़ित रानी देवी का कहना है कि उनका परिवार पिछले करीब 40 वर्षों से उक्त स्थान पर रह रहा था। परिवार के छोटे-छोटे बच्चे हैं और वे लोग वाल्मीकि समाज से संबंध रखते हैं। जीविकोपार्जन के लिए कबाड़ बीनने का काम करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए उनकी झोपड़ी तोड़ दी गई, जिससे परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है। यदि प्रशासन को झोपड़ी हटानी ही थी, तो पहले रहने की वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए थी। उन्होंने सरकार से मांग की है कि उनके परिवार को तत्काल आवास उपलब्ध कराया जाए। अधिकारियों ने बताया कि उक्त भूमि पर अवैध कब्जा कर झोपड़ी बनाई गई थी। पूर्व में नोटिस जारी किए जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके चलते नियमानुसार बुलडोजर कार्रवाई की गई।