फिरोजाबाद। सिरसागंज के ग्राम करहरा स्थित प्रसिद्ध सामौर बाबा धाम पर चल रहे सात दिवसीय सामौर बाबा महोत्सव में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें कवियों ने देशभक्ति, राष्ट्रवाद, सामाजिक सरोकारों और हास्य-व्यंग्य से सजी रचनाओं से श्रोताओं को बांधे रखा। मंच से कभी देशभक्ति का जोश गूंजा, तो कभी हास्य की फुहारों से पूरा परिसर ठहाकों से गूंज उठा।
हास्य कवि सुनील जोगी ने अपनी हास्य-व्यंग्य रचनाओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। पद्मिनी शर्मा ने मां सरस्वती के मधुर भजन से समा बांध दिया। वहीं वीर रस के प्रख्यात कवि राम भदावर ने अपने ओजपूर्ण काव्य पाठ से राष्ट्रभक्ति का जोश भर दिया। कवि राम भदावर ने अपनी ओजपूर्ण कविता सुनाते हुए कहा कि “युगों की तपस्या के बाद आज राम हमारे घर पधारे हैं। युगों-युगों बाद केवट फिर उनके चरण पखार रहा है, समय एक बार फिर उनका दूत बनकर खड़ा है और बाबर भी कब्र से निकलकर जय श्रीराम पुकार रहा है। इसके अलावा गौरव चौहान ने फाइनल मैच का जिक्र करते हुए देशभक्ति से ओतप्रोत पंक्तियां सुनाईं। 
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों से क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊर्जा मिलती है। समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब गांव भी विकसित होंगे। इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, सीडीओ शत्रोहन वैश्य आदि मौजूद रहे।

